रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को ट्रक से कुचलकर एक किसान की मौत हो गई। इससे परिवारीजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सभी ने बांदा-बहराइच राजमार्ग जाम कर दिया। शिवगढ़ पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आरोप लगाया कि हाईवे स्थित ढाबे पर पुलिस की मदद से वाहन खड़े होते हैं। इसी वजह से हादसे होते हैं। इसी लापरवाही में किसान की जान गई। सभी थानेदार को हटाए जाने और ब्रेकर बनवाए जाने की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच तकरार भी हुई।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम-सीओ और क्षेत्रीय विधायक ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के तरौंजा मजरे कुंभी गांव निवासी रमेश शुक्ला (45) किसानी करने के साथ ही एक सराफा की दुकान में नौकरी भी करता था। सुबह रमेश अपनी बाइक से सराफा की दुकान पर जा रहा था।
बांदा-बहराइच राजमार्ग पर गांव के प्राथमिक स्कूल के पास बछरावां की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिरा रमेश ट्रक के पहिये के चपेट में आकर कुचल गया और उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर लोग आक्रोशित हो गए।
सभी ने बांदा-बहराइच हाईवे जाम कर दिया। परिवारीजनों का आरोप था कि पुलिस ढाबे पर वाहनों को खड़ा करा देती है। इसके बदले पैसे लेती है। वाहनों की वजह से किसान की जान गई। सभी स्पीड ब्रेकर बनवाने, थानेदार को हटाए जाने और पुलिस अफसरों को मौके पर बुलाकर मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण और परिवारीजन और उग्र हो गए। इस पर हरचंदपुर एसओ अनिल सिंह, बछरावां एसओ राकेश सिंह, महराजगंज कोतवाल शरद कुमार, सीओ महाराजगंज राघवेंद्र चतुर्वेदी, एसडीएम महराजगंज विनय कुमार मिश्रा और क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत भी मौके पर पहुंच गए।
सीओ, एसडीएम और विधायक ने ब्रेकर बनवाने, ढाबा हटवाने और शासन से मिलने वाली हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन देते हुए सड़क से शव को हटवाया। इससे करीब दो घंटे बाद लोग शांत हुए, जिससे जाम खुल सका।
उपजिलाधिकारी महराजगंज विनय कुमार मिश्रा ने क्षेत्रीय लेखपाल हर्षवर्धन को बुलाकर तत्काल ढाबा हटवाने के लिए कहा। थानाध्यक्ष शिवगढ़ धीरेंद्र यादव को रोड पर वाहनों के खड़े होने पर फटकार लगाई और कहा कि सड़क पर वाहन कतई न खड़े हों। एक्सईएन डीके कुरील ने बताया कि रंबल स्ट्रिप लगाकर ब्रेकर की समस्या समाप्त की जाएगी।