रायबरेली। कानपुर सेंट्रल और प्रतापगढ़ के बीच रायबरेली होते हुए दौड़ने वाली इंटरसिटी ट्रेन सोमवार से नहीं चलेगी। इसे 21 जून से शुरू किया जाना था, लेकिन अब 25 जून तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। यानी कि यह गाड़ी चलने से पहले ही कैंसल हो गई। इस ट्रेन का संचालन अब 26 जून से शुरू होगा।
रेलवे ने तीन जोड़ी इंटरसिटी ट्रेनों का संचालन बहाल करने का फैसला लिया था, जिसमें कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी, प्रयाग-लखनऊ इंटरसिटी और प्रयाग-कानपुर इंटरसिटी शामिल थीं।
इन तीनों इंटरसिटी का संचालन 21 जून से शुरू होना था, लेकिन अब कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी को फिलहाल 25 जून तक निरस्त कर दिया गया है। पहले तय कार्यक्रम के अनुसार 21 जून से गाड़ी संख्या-04124 कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी और 22 जून से गाड़ी संख्या-04123 प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी शुरू होनी थी। नए आदेश के मुताबिक अब 04124 का संचालन 26 जून से और 04123 का संचालन 27 जून से शुरू होगा।
रायबरेली-प्रतापगढ़ रेल खंड में जायस से रूपामऊ तक दोहरीकरण कार्य चल रहा है, जिसके चलते कई ट्रेनें प्रभावित हैं। वाराणसी से देहरादून के बीच चलने वाली जनता मेल और हावड़ा से अमृतसर के बीच दौडने वाली पंजाब मेल 25 जून तक निरस्त है।
नीलांचल और अर्चना एक्सप्रेस को डायवर्ट कर दिया गया था। इसी कड़ी में अब कानपुर-प्रतापगढ़ के बीच दौडने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी चलाई जानी थी, लेकिन दोहरीकरण कार्य के चलते फिलहाल 25 जून तक इसे नहीं चलाया जाएगा।