रायबरेली। प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने की कड़ी में सोमवार को एक ट्रेन गुजरात से अहमदाबाद से रायबरेली स्टेशन पर पहुंच गई। दूसरी ट्रेन भी देररात तक यहां पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों में दो हजार से अधिक प्रवासी मजदूरों के होने की बात बताई जा रही है। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही एक-एक करके सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
जांच के बाद बसों से उन्हें उनके जिलों के लिए भेजा जा रहा है। बस स्टेशन के अधीक्षक अशोक त्रिपाठी ने बताया कि 50 बसें लगाई गई हैं। श्रमिकों को उनके जिलों में भेजा जा रहा है। एडीएम (प्रशासन) राम अभिलाष ने बताया कि गुजरात के अहमदाबाद से एक ट्रेन आ चुकी है। दूसरी भी आ रही है। प्रवासी श्रमिकों की जांच कराने के बाद बसों से उन्हें उनके जिलों को भेजा जा रहा है।