रायबरेली। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम व्यापारी नेता जेसी चौहान को गिरफ्तार किया। उन पर महिला थाना प्रभारी और दरोगा को धमकाने का आरोप है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के सख्त निर्देशों के बाद की गई है।
महिला थाने में तैनात दरोगा हंसा भदौरिया के मुताबिक, 23 जुलाई को मिल एरिया थाना क्षेत्र के पंडरई गांव की रिशु और उनके पति बेचूलाल के बीच विवाद में मध्यस्थता की जा रही थी। पत्नी रिशु अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। वह अपने दो बच्चों को भी साथ नहीं रखना चाहती थी। सुलह न होने पर दोनों पक्षों को अग्रिम कार्रवाई के लिए कोर्ट के लिए लिखापढ़ी की गई।
इसी दौरान रिशु के साथ आए जीसी चौहान ने खुद को व्यापार मंडल का अध्यक्ष बताया। उन्होंने दरोगा और महिला थाना प्रभारी को ट्रांसफर कराने, जानमाल की धमकी देते हुए गालीगलौज की। दरोगा हंसा भदौरिया की तहरीर पर 24 जुलाई की शाम पांच बजे सदर कोतवाली पुलिस ने व्यापारी नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार तक मामला पहुंचने पर उन्होंने प्रकरण में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने जानकारी दी कि आरोपी व्यापारी नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है।