रायबरेली में सोमवार को सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत पर बिलखते परिवारीजनों को शांत कराते कोतवाल।
- फोटो : अमर उजाला
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को ट्रक ने तांगे में टक्कर मार दी। इससे तांगा चालक युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपनी मां के साथ मुराईबाग कस्बा आ रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र बड़ी फुलवारी मजरे रायपुर टप्पा हवेली गांव निवासी पप्पू उर्फ पंकज (24) मुराईबाग कस्बे में फल का ठेला लगाता था। सुबह पप्पू तांगा लेकर मुराईबाग कस्बे आ रहा था। साथ में उसकी मां रामजियाई (40) भी थी।
रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर मुराईबाग के पास डलमऊ से रायबरेली की तरफ जा रहे ट्रक ने तांगे में टक्कर मार दी। इससे पंकज तांगे से गिरकर ट्रक की पहिये की चपेट में आ कर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मां रामजियाई घायल हो गई।
आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी डलमऊ पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने पंकज को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घोड़ा भी जख्मी हो गया। डलमऊ कोतवाल ओपी यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक सूर्यभान निवासी सलोन को हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।