गुरुवार को पूरे दिन बाजारों में रौनक रही। व्रत को लेकर घरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस दौरान पिया को रिझाने के लिए किसी ने मेहंदी रचाई तो किसी ने आकर्षक साड़ियां और गहने खरीदे।
सबसे अधिक भीड़ सौंदर्य प्रसाधन, साड़ी की दुकानों और ब्यूटी पार्लर में रही। करवा चौथ को लेकर महिलाएं तैयारी करने में लगी हुई हैं। इस व्रत में महिलाएं नई साड़ी पहन, गहने का शृंगार करके करवाचौथ पर पूजा करती हैं।
सजने संवरने के लिए गुरुवार को महिलाएं ब्यूटी पार्लर पहुंची। इसके अलावा सुपर मार्केट में मेहंदी रचाने के लिए महिलाओं का तांता लगा रहा।
घंटाघर, कैपरगंज, सुपर मार्केट, डिग्री कालेज चौराहा, सुपर मार्केट, विशंभर मार्केट आदि स्थानों पर साड़ी, सराफा, सौंदर्य प्रसाधन और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ रही।
साड़ी विक्रेता मनप्रीत सिंह और राजेश पाल का कहना है कि कॉटन बेस, सिंथेटिक, साउथ सिल्क, पैचवर्क, जरी, मोती कढ़ाई, कुंदन कढ़ाई की साड़ियों की सबसे अधिक बिक्री हुई।
सब्जी मंडी तिराहा की बाजारों में सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर काफी भीड़ रही। महिलाएं हरी तो कोई लाल चूड़ियां तो कोई बिंदिया पसंद करती नजर आई। करवा और पूजन सामग्री खरीदने में भी लोगों की भीड़ रही।
सराफ की दुकानों में पतियों के साथ पत्नियां नजर आईं। पति अपनी पत्नियों को मनचाहा गिफ्ट देने के लिए साथ ले गए। कोई धूप बत्ती तो कोई लड्डू बनाने के लिए सामान खरीदता नजर आया।