रायबरेली। जिले में कोरोना का कहर बढ़ने के साथ ही 108 और एएलएस की 48 एंबुलेंस में 24 स्थायी रूप से कोरोना मरीजों की सेवा में लगायी गई है। शेष बची एंबुलेंसों से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य टीमें जांच व सर्विलांस अभियान की प्रक्रिया को पूरी कर रही हैं। ऐसे में घरों में बीमार होने वाले मरीजों को समय से एंबुलेंस की सेवा नहीं मिल पा रही है। मरीजों को निजी वाहनों से ही अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है।
एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. शरद कुशवाहा ने बताया कि कोरोना मरीजों को अस्पताल तक लाने और एल-1 से एल-2 तक पहुंचाने के लिए 24 एंबुलेंस को लगाया गया है। स्वस्थ होने के बाद मरीजों को एंबुलेस से ही उनके घरों तक पहुंचाया जा रहा है। कुछ एंबुलेंसों का सीएचसी स्तर पर अन्य बीमार होने वाले मरीजों के लिए रखा गया है। हालांकि एक बार में कई मरीजों के आने के कारण एंबुलेंस पहुंचने में कुछ देरी जरूर हो जा रही है।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में एएलएस और 108 की 48 एंबुलेंस हैं। इसमें 24 एंबुलेंस को कोरोना मरीजों को लाने और स्वस्थ होने के बाद घर पहुंचाने में लगाया गया है। शेष एंबुलेंसों की सुविधा अन्य मरीजों को मिल रही है। बेहतर एंबुलेंस सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है।