रायबरेली। गांजा तस्करी में पुलिस ने सोमवार को दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें एक आरोपी प्रयागराज का रहने वाला है। तस्करों के पास से 10 किलो 75 ग्राम गांजा व नकदी बरामद हुई है। चार पहिया वाहन को भी कब्जे में लेकर सीज किया गया है। जांच में पता चला है कि प्रयागराज से गांजा लाकर जिले में बेचने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही दबोच लिया गया।
दोपहर में एसयूवी गोरा बाजार से होते हुए परशदेपुर कस्बे की तरफ जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी कपिल चौहान ने टीम के साथ गोरा बाजार के पास एसयूवी को रोककर तलाशी ली। एसयूवी से बोरे में भरा गांजा बरामद हुआ। एसपी रवि कुमार ने बताया कि एसयूवी सवार नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे मंसा मजरे राई निवासी अभय कुमार उर्फ पिंकू, उसकी पत्नी मालती देवी के अलावा प्रयागराज जिले के सरायइनायत थाना क्षेत्र के जमुनीपुर बेलवार गांव निवासी पीयूष दुबे को पकड़ा गया है।
आरोपियों के पास से गांजा के अलावा दो हजार रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन और एक एसयूवी बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि जांच में पता चला है कि यह सभी काफी समय से गांजे की तस्करी का कार्य कर रहे थे। सभी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।