बछरावां। बगाही मजरे विशुनपुर गांव निवासी ट्रैक्टर चालक मोहित रावत (25) की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना की सही वजह जानने का प्रयास कर रही है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोहित की मौत की वजह हैंगिंग आई है। गांव निवासी मोहित रावत पुत्र स्व. खुशीराम बीती 22 अगस्त को घर से लापता हो गए थे। वह ट्रैक्टर चालक थे।
शनिवार को आठ दिन बाद गांव के बाहर पेड़ से मोहित का शव लटकता मिला था। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम तीन बजे शव गांव पहुंचा तो परिजन व क्षेत्रीय लोग आक्रोशित होकर लखनऊ-प्रयागराज हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया था। परिजनों ने मोहित की हत्या किए जाने का आरोप लगाकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। पुलिस अफसरों के समझाने पर मामला शांत हुआ था।
मृतक युवक की मां रामलली की तहरीर पर गांव के रामलखन व उसके दो बेटों ने राजू, संतोष कुमार के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोहित की मौत की वजह खुदकुशी होना पाया गया है। तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।