रायबरेली। जिले में दिवाली पर शहर की तरह गांवों को भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी। 28 अक्तूबर तक शहर से लेकर गांव और गलियां रोशन रहेंगी। इसके लिए पावर कॉर्पोरेशन की ओर से तैयारी कर ली गई है। बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर भी पहले से तैयार करके रखे गए हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने पर दूसरा लगाकर आपूर्ति शुरू की जाएगी। दिवाली पर अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी अपने उपकेंद्रों पर नजर रखने के साथ संविदा स्टाफ के साथ त्योहार मनाएंगे।
धनतेरस के बाद दीपावली, भैयादूज, गोवर्धन पूजा, छठ पूजा आदि पर्व हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रोस्टर के हिसाब से संविदाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्योहार के दिन अनावश्यक शटडाउन नहीं दिया जाएगा। शहर क्षेत्र में 10 ट्राली ट्रांसफार्मरों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई, ताकि बड़ा ट्रांसफार्मर खराब होने पर तत्काल ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जा सके।
मुख्य अभियंता रामकुमार ने बताया कि त्योहार पर निर्बाध आपूर्ति के लिए आदेश आया है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर से लेकर गांव तक 24 घंटे बिजली दी जाएगी। इसके लिए 18 से 28 अक्तूबर तक बिजली कटौती नहीं की जाएगी।