रायबरेली। पंचायतीराज विभाग की ओर से प्रधानों के एक्सप्रोजर विजिट के लिए गांवों की सूची जारी की है। इसमें जिले में बछरावां ब्लॉक क्षेत्र के नीमटीकर गांव को गरीबी मुक्त गांव की श्रेणी में शामिल किया गया है। पंचायतीराज विभाग ने गांव को गरीबी मुक्त श्रेणी में रखा है। गांव में पात्र गृहस्थी के 1017 और अंत्योदय के 324 राशन कार्ड बने हैं। इन कार्डाें के माध्यम से 4747 जरूरतमंदों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
जिले की 980 ग्राम पंचायतों व नौ नगर निकायों में वर्तमान समय में पात्र गृहस्थी व अंत्योदय के 5,55,400 कार्ड के माध्यम से 22,02,011 यूनिटों का राशन जरूरतमंदों को दिया जा रहा है। इसमें पात्र गृहस्थी के 4,53,487 राशन कार्डाें में शामिल 18,70,090 यूनिटों को राशन दिया जा रहा है। अंत्योदय के 101913 कार्डाें के माध्यम से 3,31,921 लोग मुफ्त राशन ले रहे हैं।
स्थिति यह है कि जिले में एक भी ऐसा गांव नहीं है, जहां पात्र गृहस्थी व अंत्योदय के राशन कार्ड न हों। पंचायतीराज विभाग की ओर से गरीबी मुक्त श्रेणी में शामिल बछरावां के नीमटीकर गांव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इस गांव में 4747 लोग हर माह मुफ्त राशन ले रहे हैं, लेकिन गांव को गरीबी मुक्त की श्रेणी में रखा गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों व नगर निकायों में जरूरतमंदों को निशुल्क राशन दिया जा रहा है। जिले में कोई भी ऐसा गांव नहीं है, जहां जरूरतमंदों को मुफ्त राशन न दिया जा रहा हो।