रायबरेली। शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर झकरासी गांव के पास ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर को बसाने की काफी दिनों से मांग हो रही थी। अब यह सपना हकीकत में बदलने वाला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 31 दिसंबर को ट्रांसपोर्ट नगर का शिलान्यास करेंगे। यह ट्रांसपोर्ट नगर 10 बीघा जमीन पर बसेगा। यहां पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें लोगों को दी जाएंगी।
इससे एक ही स्थान पर ट्रांसपोर्ट से संबंधी सामग्री लोगों को आसानी से मिल सकेगी। इस योजना पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आरडीए के सचिव बीपी मौर्या का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर का मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे। इसको लेकर काफी समय से प्रयास चल रहा था, अब नए साल के पहले लोगों को यह तोहफा मिलने वाला है।
करीब दो साल बाद मुख्यमंत्री रायबरेली पहुंच रहे हैं। वह विधानसभा चुनाव से पहले न सिर्फ जनविश्वास रैली को संबोधित करेंगे, बल्कि करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
चौथे चरण की जनविश्वास यात्रा उन्नाव होते हुए 31 दिसंबर को रायबरेली पहुंचेगी और अगले दिन बाराबंकी के लिए रवाना हो जाएगी।
मुख्यमंत्री सरेनी ब्लॉक क्षेत्र सिद्धौरतारा, बछरावां ब्लॉक क्षेत्र के सेहगंों गांव में एक करोड़ 20 लाख की लागत से बनी दो गोशालाओं का लोकार्पण करेंगे।
बछरावां के विनायकपुर, अमावां ब्लॉक क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला में दो गोशालओं और सलोन ब्लॉक में कान्हा गोशाला शिलान्यास करेंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गजेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री गोशालाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा कई और योजनाओं का तोहफा जिलेवासियों को मिल सकता है।
सीएम के दौरे पर सुरक्षा का होगा कड़ा पहरा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां तेजी के साथ की जा रही हैं। खासकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सीएम के दौरे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा होगा। इसके लिए स्थानीय पुलिस के अलावा बाहरी जनपदों से भी फोर्स मंगाई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने को लेकर पुलिस विभाग के अधिकारी मंथन करने में जुटे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव का कहना है कि सीएम के दौरे पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।