रामपुर गहिरखेत में निरीक्षण के दौरान जानकारी लेती महिला कल्याण विभाग की सचिव बी चंद्रकला।
डलमऊ(रायबरेली)। रामपुर गहिर खेत में जल जीवन मिशन के तहत 2 करोड़ 37 लाख 57 हजार की लागत से बनी टंकी का शनिवार को शासन में महिला कल्याण विभाग की सचिव बी चंद्रकला ने निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीण बोल पड़े कि मैडम घरों में पानी नहीं आ रहा है। पेयजल योजना को देखने के बाद उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
गांव के प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बिछाई गई पाइपलाइन का लेवल नहीं देखा गया। यही कारण है कि सभी घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीण महेंद्र यादव ने बताया कि बनाए गए चेंबर अभी से टूटने लगे हैं। सुमन देवी ने बताया कि उनके घर में पानी नहीं पहुंच रहा है। सचिव ने उस महिला के घर जाकर पानी की आपूर्ति को देखा और पानी का प्रेशर बढ़ाने के निर्देश दिए।
सचिव ने सीडीओ अर्पित उपाध्याय को चौपाल के दौरान आई शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। सचिव ने गांव की जल सखी सुमन देवी, रेनू और सविता से पानी की शुद्धता पर चर्चा की और ग्रामीणों को पेयजल संबंधी समस्या की शिकायत टोल फ्री नंबर पर करने के लिए कहा। इस दौरान पानी टंकी परिसर में पौधरोपण भी किया।
सहायक विकास अधिकारी पर जड़े आरोप
चौपाल के दौरान सफाई कर्मी संघ के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने सचिव को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत की ओर से सफाई कर्मचारियों से दो से पांच हजार रुपये की वसूली की गई। सचिव ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान उप जिलाधिकारी फरीद अहमद खान, तहसीलदार उमेश चंद्र मौजूद रहे।