रायबरेली। गांवों में अपनी सरकार के गठन का समय आ गया है। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने शासन के निर्देश पर खंड विकास अधिकारियों और 25 और 26 मई को प्रधानों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शपथ दिलाने के आदेश दिए हैं। जिले की 988 ग्राम पंचायतों में 641 प्रधान ही शपथ लेकर गांव की सरकार बनाएंगे। ग्राम पंचायत सदस्यों का दो तिहाई बहुमत न होने के कारण 347 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। आगामी छह महीने में ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए दोबारा चुनाए कराए जान के बाद ही संबंधित पंचायतों में प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान प्रशासक ही 347 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराएंगे।
बीती दो मई को मतगणना हुई थी। जिले की सभी 988 ग्राम पंचायतों की मतगणना के बाद प्रधान निर्वाचित घोषित किए गए। इसमें पांच निर्वाचित प्रधानों की मौत हो गई है। शासन ने प्रधानों को शपथ दिलाने के लिए 25 व 26 तारीख की घोषणा की है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि जिन ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य पदों का दो तिहाई का कोरम पूरा नहीं हो सका है, उन पंचायतों के प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। आगामी दिनों में चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्वाचित होने के बाद ही नए प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। जिले में 347 ऐसी ग्राम पंचायतें हैं जहां ग्राम पंचायत सदस्य पदों का दो तिहाई बहुमत न होने के कारण प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। शेष 641 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी। डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानों को 25 और 26 तारीख में शपथ दिलाने के आदेश दिए हैं। सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने ब्लॉकों के प्रधानों को शपथ दिलाएंगे।
27 मई को पहली बैठक में गठित होंगी छह समितियां
आगामी 25 और 26 तारीख में शपथ ग्रहण कराने के बाद ग्राम पंचायतों की पहली खुली बैठक 27 मई को बुलाई जाएगी। बैठक में ग्राम पंचायतों की सभी छह समितियों के गठन का काम किया जाएगा। साथ ही आगे कराए जाने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा को तैयार किया जाएगा। ग्राम पंचायत अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया गया है।
कहां कितने पंचायतों में गठित होगी गांव की सरकार
ब्लॉक शपथ लेंगे प्रधान शपथ नहीं लेंगे प्रधान
राही 53 20
अमावां 43 12
हरचंदपुर 38 18
सतांव 29 21
महराजगंज 43 10
बछरावां 35 18
शिवगढ़ 40 03
लालगंज 24 32
खीरों 34 26
सरेनी 31 50
डलमऊ 39 37
गौरा 24 19
ऊंचाहार 43 11
रोहनियां 19 07
जगतपुर 32 07
सलोप 48 38
डीह 35 05
छतोह 31 13
कुल 641 247
ग्राम पंचायत सदस्यों के दो तिहाई बहुमत को पूरा करने वाली 641 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को 25 व 26 मई को खंड विकास अधिकारी शपथ दिलाएंगे। कोरम पूरा न होने के कारण 347 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। वीडियो काॅंन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शपथ ग्रहण होगा।
-वैभव श्रीवास्तव, जिलाधिकारी