मधुबन क्रासिंग का गेट बंद होने से जाम में फंसे वाहन व लोग।
रायबरेली। गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस बुधवार को पहले आउटर पर रोक दी गई, फिर स्टेशन पर भी देर तक रुकना पड़ा। इससे पास की मधुबन क्रॉसिंग को 20 मिनट से ज्यादा देर तक बंद रखना पड़ा, जिससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। ट्रेन पास होने के बाद क्रॉसिंग खुली तो जाम लग गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई।
गोरखपुर-प्रयागराज वंदेभारत एक्सप्रेस रायबरेली रेलवे स्टेशन से कुछ दूर पहले आउटर पर करीब 10 मिनट रुकी रही, क्योंकि रायबरेली स्टेशन पर प्लेटफॉर्म खाली नहीं था। प्लेटफॉर्म पर पहले से देहरादून-बनारस जनता मेल खड़ी थी, जो सवा दो घंटे विलंब से पहुंची थी। आउटर पर रुकने की वजह से वंदेभारत रायबरेली स्टेशन पर 15 मिनट देरी से पहुंची। स्टेशन पर भी वंदेभारत को 15 मिनट रुकना पड़ा, जिससे लेटलतीफी करीब आधे घंटे हो गई।
वंदेभारत के रायबरेली स्टेशन पहुंचने से पहले ही मधुबन क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया, ताकि वंदेभारत को पास कराने में कोई दिक्कत न आए। वंदेभारत पास होने के बाद मधुबन क्रॉसिंग खोली गई। तब तक क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। जाम में फंसे राम उजेर, अमरनाथ, सियाराम ने बताया कि 20 मिनट से ज्यादा क्राॅसिंग बंद रही। आए दिन इस क्रॉसिंग पर देर तक फाटक बंद रहने से जाम लगता रहता है।
शाम प्रयागराज से गोरखपुर लौटने वाली वंदेभारत भी आठ मिनट विलंब से आई, जिसे देर तक रोका गया तो लेटलतीफी 14 मिनट हो गई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि वंदेभारत के देर तक रुकने के पीछे कोई बड़ी वजह नहीं है। यह सब सामान्य बात है। आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह और जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि वंदेभारत के समय रायबरेली के दोनों किनारों पर रोज की तरह निगरानी रही।