रायबरेली में सोमवार को मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमरा गांव में बारिश होने गिरी मकान की छत, जिसमें दबने से एक बच्ची की हुई मौत।
- फोटो : अमर उजाला
मिल एरिया थाना क्षेत्र में रविवार रात बारिश के चलते हुई सीलन से कच्ची छत ढह गई। मलबे में दबकर बालिका की मौत हो गई। जबकि उसकी मां-बहन और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब सभी कमरे के अंदर सो रहे थे।
ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घायलों को सीएचसी अमावां में भर्ती कराया गया। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमरा गांव निवासी गुड्डी रात में बच्चों के साथ कमरे के अंदर सो रही थी। कमरे की दीवारें पक्की ईंट की बनी हैं, लेकिन छत कच्ची थी।
रात में बारिश हो रही थी। इससे सीलन आ गई थी। देर रात अचानक कच्ची छत भरभराकर ढह गई। इससे कमरे के नीचे सो रही गुड्डी समेत उसके बच्चे मलबे में दब गए। रात के वक्त तेज धमाके के साथ छत ढहने की आवाज से आसपास के लोगों की नींद खुल गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने शिवांशी (7) को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी मां गुड्डी (40), बहन शिवानी (10), भाई सचिन (6) को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। थानेदार अशोक सिंह का कहना है कि कच्ची छत ढहने से बालिका की मौत हुई है।