रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे अमिलिहा मजरे पिंडारीकला गांव में बारिश आफत बन गई। कच्ची दीवार ढहने से एक बुजुर्ग की मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। पूरे अमिलिहा मजरे पिंडारी कला गांव राम आसरे (68) मंगलवार सुबह अपने घर की कच्ची दीवार पर रखे छप्पर के नीचे बैठा हुआ था।
इसी बीच कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। इससे राम आसरे मलबे में दब गया। तेज धमाके के साथ गिरी दीवार की आवाज सुनकर आसपास के लोगों का मजमा लग गया। लोगों ने मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में लिया। घटना की जानकारी पर एसडीएम विनय कुमार सिंह ने हल्का लेखपाल रामसेवक यादव मौैके पर भेजा।
कोतवाल लालचंद्र सरोज का कहना है कि बारिश के कारण सीलन आ गई थी। इस वजह से कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। एसडीएम का कहना है कि पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाई जाएगी।