रायबरेली में शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र सलोन तहसील में हाई वोल्टेज पहुंचने से जले उपकरण।
- फोटो : RAIBARAILY
सलोन (रायबरेली)। विद्युत उपकेंद्र सलोन तहसील से निकली लाइन के ऊपर हाई वोल्टेज लाइन का तार टूटकर गिरने से उपकेंद्र के पैनल में आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते, तब तक पैनल के अंदर लगे उपकरण जल गए। इस वजह से टाउन के साथ-साथ देहात क्षेत्र की आपूर्ति बंद हो गई। बिजली नहीं आने से जहां व्यापारियों का कारोबार प्रभावित रहा, वहीं गर्मी और उमस से करीब 50 हजार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। करीब आठ घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
विद्युत उपकेंद्र सलोन (तहसील) और सलोन टाउन उपकेंद्र आसपास ही हैं। तहसील वाले उपकेंद्र से निकले डेरी फीडर की लाइन के ऊपर सुबह करीब पांच बजे रग्घूपुर से रोहनिया उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन का तार टूटकर गिर गया। इस वजह से हाई वोल्टेज का करंट उपकेंद्र पर पहुंच गया। जिससे डेरी फीडर के पैनल में आग लग गई। तेज धमाका होने से कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते पैनल के अंदर लगे उपकरण धू-धू कर जल गए। आग लगने से सभी फीडर बंद हो गए। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आग लगने से करीब एक लाख रुपये के उपकरण खराब होने की बात कही जा रही है।
सूचना मिलने पर अवर अभियंता रंजन कुमार उपकेंद्र पहुंचे। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए कर्मचारियों के साथ जांच की। इस पर हाई वोल्टेज आने की पुष्टि हुई। सुरक्षा को देखते हुए सलोन टाउन उपकेंद्र को बंद कर दिया गया। इस वजह से टाउन के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों की बिजली आपूर्ति ठप रही। आठ घंटे बाद फॉल्ट ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो पाई। उपखंड अधिकारी सलोन इंदु शेखर ने बताया कि हाईवोल्टेज करंट आने की वजह से उपकेंद्र के पैनल में लगे उपकरण जले थे, जिन्हें बदलवाकर आपूर्ति शुरू करा दी गई है।