रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार से संबंद्ध ठेकेदार के घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के भाई को गिरफ्तार कर लिया। उस पर घर की रेकी करने का आरोप है। घटना में शामिल दो बदमाश अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं, जबकि दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पकड़े जा चुके हैं।
ऊंचाहार कस्बे के अलीगंज निवासी सहदेव ठाकुर एनटीपीसी व रिलायंस इंडस्ट्रीज में ठेकेदारी करते हैं। उनके घर 26 जुलाई की रात छह बदमाशों ने चोरी की थी। चोर लाखों के जेवर, लाइसेंसी रिवॉल्वर व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चोरी कर ले गए थे।
नौ अगस्त को पुलिस ने बदमाशों से हुई मुठभेड़ के दौरान प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोलौरी का पुरवा मजरे विजईमऊ निवासी रोहित उर्फ गोबिंद उर्फ बौड़म व प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोसाईं मजरे पुरमई सुल्तानपुर निवासी मोनू सरोज को गिरफ्तार किया था।
मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित उर्फ गोबिंद उर्फ बौडम के भाई सरपतहा गांव निवासी रावेंद्र को अकोढि़या गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि रावेंद्र ने ही घर की रेकी की थी। अभी घटना में शामिल प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे उदई मिश्र गांव निवासी रोहित व सोनू फरार है।