खीरों थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम गेहूं फसल की मड़ाई करने के दौरान एक युवती थ्रेशर के चपेट में आ गई। देखते ही देखते सिर के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शंकर बक्स खेड़ा मजरे सगुनी की रहने वाली पूनम के परिवारीजनों ने अपने गांव के बगल में स्थित उन्नाव जनपद के थाना क्षेत्र मौरावां के गांव भीमनगर मजरे गुलरिहा निवासी छेदीलाल का खेत बंटाई ले रखा है। शनिवार देर शाम इसी खेत में गेहूं की फसल ट्रैक्टर के थ्रेशर से मड़ाई चल रही थी।
मड़ाई के दौरान पूनम थ्रेशर के नीचे गेहूं की बालियां बटोर रही थी। इसी दौरान उसके सिर में बंधा दुपट्टा बाल समेत फंस गया। जब तक ट्रैक्टर बंद किया जाता, तब तक युवती का सिर कई टुकड़ों में बट गया। घटना के बाद परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
मृतका का पिता राम करन बिहार में भट्ठे में मजदूरी करता है। उसका बड़ा भाई रामबाबू लुधियाना में एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है। मृतका की मां वंदना, छोटा भाई श्यामबाबू, बहन राजवती, प्रेमा, सोनम समेत सभी परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
एसओ आरके मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। बेटी पूनम की मौत के बाद परिवारीजन बेहाल है। मृतका की 28 जून को शादी होनी थी। इसकी तैयारियां चल रही है। पूनम की मौत के बाद घर में मातम छा गया है। पिता और भाई भी जानकारी ने मिलने घर पहुंचे। घटना से हर कोई आहत है।