रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के परिचय पत्र (आईकार्ड) बनाने के आदेश दिए थे, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। निशुल्क आईकार्ड बनाने की बात कही थी, लेकिन रंगीन फोटो खिंचवाने के नाम पर 20 रुपये दिए जाने के निर्देश भी दिए गए थे। इसी बात का विरोध हुआ तो आदेश निरस्त करना पड़ा
समाज कल्याण एवं शिक्षा विकास समिति के निदेशक के पत्र का हवाला देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए थे, जिसमें कहा गया था कि समिति ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के परिचय पत्र बनवाने में सहयोग की अपेक्षा की है। परिचय पत्र निशुल्क देने की बात कही गई। बीएसए के पत्र पर खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी विद्यालयों को आदेश जारी कर दिया। इस आदेश का विरोध शुरू हो गया तो इसे निरस्त करना पड़ा। बीएसए राहुल सिंह ने बताया कि परिचय पत्र बनाने का आदेश निरस्त कर दिया गया है। संवाद