रायबरेली। जिले में जुकाम, बुखार और उल्टी-दस्त का प्रकोप थम नहीं रहा है। बुधवार को भी जिला अस्पताल में बुखार से रामअवतार (65) की मौत हो गई। 28 से अधिक मरीजों को भर्ती किया गया। इसमें बुखार के सबसे ज्यादा मरीज रहे। ओपीडी में भी सुबह से ही भीड़ रही। मेडिसिन और हॉर्ट रोग विभाग में सबसे ज्यादा मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को पहुंचे अहम (10), महिला (16), अर्पिता (10), नेहा (12), राधिका (8), मयंक (8), मनीष (20), निशा (2), आइशा (30), अयांश (2), कैश (22), अनामिका (22), दीपांशी (2), रियांश (11), दिवाकर (26), कुलदीप (32), मानवी (1), बच्चा (47) समेत 28 से अधिक मरीजाें को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। इसमें आधे से अधिक मरीज बुखार के रहे।
उधर, बुधवार को दोपहर 12 बजे तक ओपीडी होने के कारण सुबह से मरीजों भी भीड़ देखने को मिली। परचा से लेकर दवा काउंटर पर भीड़ रही। जांच कराने के लिए पैथोलॉजी और ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों की लाइन दिखी। सबसे ज्यादा मेडिसिन विभाग में भीड़ देखने को मिली। डॉ. गौरव त्रिवेदी का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण मरीज बढ़े हैं। लोग एहतियात बरतें। लापरवाही के कारण बीमारी के चपेट में आ सकते हैं।