रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक किराना दुकानदार से सोने की चेन छीन ली। इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, बदमाश मौके से फरार हो गए। मिल एरिया थाना क्षेत्र में बदमाश महिला की चेन छीन ले गए।
शहर के आचार्य द्विवेदी नगर निवासी बबलू की सीएमओ ऑफिस गेट के पास किराना की दुकान है। सुबह एक बाइक पर सवार दो बदमाश उसकी दुकान पर पहुंचे। एक बदमाश ने बबलू से सिगरेट मांगी।
इसी बीच एक बदमाश ने झपट्टा मारकर गले में पहने सोने की चेन छीन ली। दुकानदार जब तक शोरगुल मचाता, बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि लूटी गई सोने की चेन की कीमत करीब 80 हजार रुपये है।
सूचना पर इंदिरा नगर चौकी पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की। कोतवाल अतुल सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास किया जा रहा है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के प्रगतिपुरम मोहल्ले की रहने वाली शिव कुमारी पत्नी महेश नारायण मंगलवार सुबह टहल रही थी। इसी बीच बाइक सवार दो युवक आए और महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
महिला के शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश दूर जा चुके थे। एसओ राजकुमार पांडेय का कहना है कि केस दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।