रायबरेली। सामाजिक सरोकारों की शृंखला में अमर उजाला की ओर से इस वर्ष भी मेधावियों का सम्मान किया जाएगा। पूर्व के वर्षों में अमर उजाला की ओर से मेधावियों का यह सम्मान समारोह लखनऊ में आयोजित होता रहा है, लेकिन कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये इस बार कार्यक्रम जिले में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आयोजित किया जा रहा है।
कलक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन में 08 सितंबर को दोपहर 12 बजे मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जिले में मेधा की कमी नहीं है। इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में जिले के दो मेधावियों ने उत्तर प्रदेश की वरीयता सूची में स्थान अर्जित किया है। इन मेधावियों के साथ जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्त्रि पत्र आदि देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई का कहना है कि प्रतिभाओं और मेधा का सम्मान जरूरी है। ऐसा करने से उनका हौसला बढ़ता है। दूसरे छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलती है। ‘अमर उजाला’ का यह कार्यक्रम सराहनीय कदम है। इससे समाज में बेहतर संदेश जाएगा। मन लगाकर मेहनत से पढ़ाई करने वाले बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी।