रायबरेली। शहर में कचहरी रोड स्थित अहमदपुर नजूल में करोड़ों रुपये कीमत की परती भूमि पर मकान बनाने वाले होटल मालिक ने जिला जज कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मुकदमे में सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने होटल मालिक पर 17.99 लाख रुपये का अर्थदंड लगाने के साथ ही भूमि से बेदखल करने का आदेश दिया है। मामले में न्यायालय ने सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से रिपोर्ट मांगी है।
जिले के एक प्रतिष्ठित होटल के मालिक संजय कुमार गुप्ता ने शहर के अहमदपुर नजूल स्थित गाटा संख्या 675 के रकबा 0.221 हेक्टेयर में 867 वर्ग मीटर पर कब्जा करके मकान बना लिया था। राजस्व विभाग के अभिलेखों में संबंधित भूमि परती जमीन के रूप में अंकित है। मुकदमे की सुनवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने कब्जेदार संजय गुप्ता का परती भूमि से बेदखल करने का आदेश दिया है।
मामले में होटल के मालिक ने जिला जज न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर धारा-5 मियाद अधिनियम का लाभ दिलाने की मांग की है। सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने बताया कि कब्जेदार पर जुर्माने के साथ ही संबंधित भूमि से बेदखल करने का आदेश दिया गया है। जिला जज न्यायालय से रिपोर्ट मांगी गई है।