सरेनी। रासी गांव में एक घर की खुशियां चंद घंटों में मातम में बदल गईं। जहां शहनाई बजनी थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। युवती को अब इंसाफ की आस है। पुलिस मामले में अजगैन पुलिस से बात कर रही है। हालांकि युवती के भाई का कहना है कि सरेनी पुलिस मामले को अजगैन कोतवाली के सुपुर्द करना चाहती है।
सारा वाक्या मंगलवार का है। रासी गांव की रहने वाली युवती का विवाह अजगैन के दिरगज खेड़ा निवासी प्रवेश कुमार साहू से तय हुआ। वरीक्षा और गोद भराई की रस्म पूरी हो गई और मंगलवार को गांव बरात आनी थी। दोपहर में उन्नाव की अजगैन कोतवाली में एक युवती पहुंचती है। वह बताती है कि उसका पति दूसरा शादी करने जा रहा है।
पुलिस जानकारी करती है तो पता लगता है कि प्रवेश कुमार साहू से युवती का प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। इसके बाद 16 जनवरी 2026 को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। युवती ने बताया कि वे दोनों साथ ही रह रहे थे, लेकिन इसी बीच उसे भनक लगी कि उसका पति उसे धोखा देकर गुपचुप तरीके से दूसरी शादी करने जा रहा है। इस पर दूल्हा बने प्रवेश को पुलिस अजगैैन थाना ले आती है और जहां उसका सामना अपनी पत्नी से होता है। किसी तरह मामला शांत होता है और प्रवेश महिला के साथ रहने को राजी हो जाता है।
उधर रासी गांव में युवती अपने होने वाले दूल्हे का इंतजार कर रही थी। युवती के भाई ने बताया कि उन्होंने बहन की शादी की तैयारी हैसियत से बढ़कर की थी। इस पर करीब 10 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
परिजन बार-बार बेटी को संभाल रहे हैं, जबकि भाई खामोश है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं, इसे बेटी के साथ बड़ा अन्याय बता रहे हैं। पीड़ित युवती ने सरेनी कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र यादव ने बताया कि तहरीर मिली है और जांच की जा रही है।