रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दबंगों और सिपाहियों ने पिता-पुत्र की न सिर्फ पिटाई की, बल्कि उसे थाने पर उठा ले गए। आरोप है कि फौजदारी के मामले में सुलह करने के लिए पुलिस दबाव बनवा रही है।
थानेदार से प्रकरण की शिकायत की गई, लेकिन वह भी मामले में अंजान बने रहे। महिला ने एसपी से शिकायत कर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी ने प्रकरण में जांच के आदेश दिए हैं।
गुरुबख्शगंज के रामपुर गांव निवासी निर्मला का आरोप है कि मंगलवार को वह बाइक से पति रामविलास के साथ घर से पेशी के लिए दीवानी कचहरी जा रही थी। रास्ते में विपक्षीगण और थाने के सिपाहियों ने उसके पति को बाइक से गिरा दिया। खूब मारापीटा। बेटा पहुंचा तो उसकी भी पिटाई की।
इसके बाद उसके पति व बेटे को थाने उठा ले गए। महिला का कहना है कि फौजदारी के मामले में दबंग पुलिस की मदद से सुलह कराने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि नए थानेदार की तैनाती के बाद से क्षेत्र में दबंग आए दिन उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं।
शिकायत पर भी पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। सीओ लालगंज डॉ.अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि प्रकरण जानकारी में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।