रायबरेली। तमाम प्रयासों के बाद भी सीएम डैशबोर्ड से जुड़े कार्यों के निस्तारण में सुधार नहीं हो पा रहा है। इसके चलते ही सोमवार को जारी डैशबोर्ड रैंक से जुड़े विकास कार्यों में जिला 47 व राजस्व में 65वें स्थान पर आया है। एनआरलएम, निपुण परीक्षा, फैमिली आईडी सहित कई कार्यों में प्रगति भी काफी खराब रही है। राजस्व से संबंधित कार्यों के क्रियान्वयन में भी सुधार नहीं हो पा रहा है।
सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से हर माह जिले में विकास एवं राजस्व कार्यों की रैंक जारी की जाती है। फरवरी माह में कराए गए कार्यों की रैंक सूची में जिले की स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं आया है। अधिकारियों ने रैंक को सुधारने के लिए माह भर खूब प्रयास किया, लेकिन अपेक्षित लक्ष्य नहीं मिल सका।
सबसे खराब रैंक पाने वालों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, निपुण परीक्षा आकलन, मध्यान्ह भोजन और बच्चों की उपस्थिति, सेतु निर्माण, सड़कों का अनुरक्षण, सीएमआईएस निर्माण कार्य आदि शामिल रहे। इन कार्यों में जिले की प्रगति सबसे खराब रही। रैंक की सूची विभागवार आने के बाद अब डीएम स्तर से जल्दी ही बैठक कर मार्च माह में प्रगति में सुधार लाने की कवायद शुरू की जाएगी।