रायबरेली। होली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही बिजली कर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। दो महीने से मानदेय न मिलने से खफा कर्मियों ने ऊंचाहार, सलोन, डलमऊ, महराजगंज, लालगंज के वितरण खंडों का घेराव किया। निविदा संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डीके सिंह ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर मानदेय दिलवाने की मांग की। कहा कि होली के पहले मानदेय न मिला, तो कामकाज ठप कर दिया जाएगा।
उधर, अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि कार्यदायी एजेंसी के सुपरवाइजर को फोन लगा रहे हैं, लेकिन उनका मोबाइल बंद है। मानदेय दिलवाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया गया है। लालगंज प्रतिनिधि के मुताबिक मलकेगांव, रौतापुर, सरेनी, भोजपुर, सेमरी, कलुआखेड़ा, खीरों, लालगंज ग्रामीण व टाउन उपकेंद्रों में करीब 225 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं।
मानदेय नहीं मिलने से खफा लोगों ने विद्युत वितरण खंड लालगंज का घेराव किया। बृजेंद्र बहादुर, राजेश कुमार, विपिन, बबलू, लवकुश ने बताया कि पहले भी उनका मानदेय समय से नहीं मिलता था। दो महीने से जेब खाली है। कई बार मानदेय दिए जाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उपखंड कार्यालय खीरों के कर्मियों ने भी विरोध किया। संविदाकर्मी सूरज, नीरज कुमार, पवन कुमार, राहुल कुमार, अमर बहादुर सिंह, अनिल कुमार, उमेश कुमार, राम बाबू , दीपक कुमार, अभिषेक कुमार, सुधाकर ने कहा कि मेसर्स वर्ल्ड क्लास सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी कर्मचारियों का फोन तक नहीं उठा रहे हैं। मानदेय न मिलने से संविदा कर्मचारी आर्थिक एवं मानसिक शोषण का शिकार हो रहे हैं।
महराजगंज में संविदा कर्मियों ने कामकाज ठप करके विद्युत वितरण खंड महराजगंज का घेराव किया। जितेंद्र सिंह, रामशंकर, राकेश, हरिश्चंद्र यादव, विजय बहादुर सिंह ने कहा कि चार दिन पहले भी एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। मानदेय दिलवाने के कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं।