रायबरेली। साधन सहकारी समितियों के माध्यम से अब किसानों को यूरिया खाद मिल सकेगी। इसके लिए जिले की 68 साधन सहकारी समितियों में 2584 मीट्रिक टन यूरिया भेज दी गई। शेष साधन सहकारी समितियों में खाद भेजने का काम कराया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि यूरिया की कोई कमी नहीं है। साधन सहकारी समितियों के जरिए हर किसान को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
‘अमर उजाला’ ने 30 दिसंबर के अंक में ‘यूरिया के संकट से साढ़े चार लाख किसान बेहाल’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर छपने के बाद कृषि विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
आननफानन साधन सहकारी समितियों में खाद भेजने की प्रक्रिया तेज कराई गई। जिला कृषि अधिकारी रविचंद्र प्रकाश ने बताया कि 68 साधन सहकारी समितियों में यूरिया खाद भेज दी गई है।
अन्य साधन सहकारी समितियों में खाद भेजने का काम कराया जा रहा है। प्राइवेट दुकानदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि तय रेट पर ही खाद की बिक्री की जाए।