लालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को खेत में काम कर रहे युवक पर बिजली गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बनपुरवा गांव निवासी श्यामलाल (32) पुत्र रामदीन लोध गांव के पास ही खेत में काम कर रहा था। दोपहर एक बजे अचानक तेजी से बिजली कड़की और गिर गई। इससे श्यामलाल के गले में छेद हो गया और वह खेत में ही गिर गया।
सूचना मिलने पर परिवारीजन व ग्रामीण खेत पहुंचे। जब तक उसे घर लाया जाता, तब तक उसकी मौत हो गई थी। श्यामलाल की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, सभी दहाड़े मारकर रो पड़े। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।
पत्नी पुष्पा सहित सभी परिवारीजन बिलख पड़े। श्यामलाल खेती करके अपने परिवार का पेट पालता था। ग्राम प्रधान मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि तहसील प्रशासन को मामले की सूचना दे दी गई है।