शिवगढ़। दूध लेकर जा रहे डेयरी संचालक पर रविवार रात बाइक सवार हमलावरों ने रॉड और फरसे से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए चार अन्य लोगों को भी पीटा दिया। इससे सभी लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
नेमुलापुर गांव निवासी कुलदीप (32) घर पर डेयरी चलाते हैं। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे वे 35 लीटर दूध लेकर बीएमसी नैन गांव जा रहे थे। नेमुलापुर गांव के बाहर पहले से घात लगाए बाइक सवार चार युवकों ने उन पर लोहे की रॉड और फरसे से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर बचाने दौड़े गांव के प्रेम (25), विनय (15), शिवा (17), हेमंत (18) पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। इससे सभी लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी विंध्य विनय ने बताया कि बराबंकी जिले के थाना हैदरगढ़ क्षेत्र के गांव रमसर निवासी अभिषेक द्विवेदी समेत तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।