रायबरेली। सई नदी में नहाने के दौरान शनिवार सुबह एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने उसके दोस्त को बचा लिया।पूर्वी जहानाबाद निवासी विनीत पुत्र वीरेंद्र सोनकर (15) सुबह करीब सात बजे अपने दोस्त के साथ दरीबा गांव के पास सई नदी में नहाने गया था। नहाते वक्त विनीत और उसके दोस्त गहराई वाले स्थान पर चले गए। इस दौरान विनीत डूब गया।
शोरगुल पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने दोस्त को बाहर निकाल लिया। विनीत को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नदी में डूबने से किशोर की जान गई है। घटना की जांच कराई जा रही है।