भोजपुर (रायबरेली)। सरेनी क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र में लगे पांच एमवीए ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद लोगों को भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही है। 10 गांव ऐसे हैं, जहां चार दिन से बिजली नहीं आई है। इससे ग्रामीणों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।
चार दिन पहले रनापुर उपकेंद्र में पांच एमवीए के एक ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। इसके बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई। उपकेंद्र रखे दो अन्य ट्रांसफार्मराें से फीडरों को जोड़कर बिजली चलाई जा रही है। राजापुर फीडर ओवरलोड होने के कारण आधे गांवों की बिजली काट दी जाती है। सुरेंद्र कुमार, अमित, आनंद तिवारी, जैकी तिवारी, धीरज निर्मल, प्रदीप, संदीप कुमार, धीरू सोनी ने बताया कि भावाखेड़ा, चहोतर, शांति खेड़ा, दुर्जनपुर, लालखेड़ा, माधवपुर समेत 10 गांवों की बिजली चार दिन से गायब है। उपकेंद्र के कर्मचारी और अवर अभियंता लोगों का फोन तक नहीं उठा रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल की है। लोग हैंडपंप से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि जानकारी नहीं है। समस्या दूर कराई जाएगी।