रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में कक्ष निरीक्षक के तौर पर ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को बिना परिचय पत्र प्रवेश नहीं मिलेगा। परिचय पत्र के बगैर परीक्षा में ड्यूटी करना संभव नहीं होगा। इसलिए सभी कक्ष निरीक्षकों को परिचय पत्र बनवाना होगा। परिचय पत्र पर क्यूआर कोड अंकित होगा, जिससे गड़बड़ी की संभावना दूर होगी। मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके पूरा ब्योरा देख सकेंगे।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी, जो 12 मार्च तक चलेंगी। इसके लिए 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में कक्ष निरीक्षक के तौर पर 4067 अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2074 और बेसिक शिक्षा विभाग के 1993 अध्यापक शामिल हैं। कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र निर्गत करने के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की गई है। इस संबंध में सभी माध्यमिक विद्यालयों को जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने पत्र जारी कर दिया है। कहा है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर कक्ष निरीक्षकों के मुद्रित एवं क्यूआर कोड युक्त परिचय पत्र अपलोड कर दिए गए हैं।
डीआईओएस ने कहा है कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य पोर्टल से कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र डाउनलोड कर दो प्रतियों में प्रिंट करेंगे। इसमें अंकित विवरण एवं फोटो का मिलान अभिलेख से करने के बाद उन्हें प्रमाणित करेंगे। इसके बाद प्रति हस्ताक्षरित कराने के लिए डीआईओएस कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे। जिन शिक्षकों के क्यूआर कोड वाले मुद्रित परिचय पत्र पोर्टल से प्राप्त नहीं हुए हैं, उन्हें सादा परिचय पत्र डाउनलोड कर विवरण भरना होगा। प्रति हस्ताक्षरित कराने के लिए हर हाल में 13 फरवरी तक परिचय पत्र उपलब्ध करा दें। साथ में अभिलेख भी प्रस्तुत करें। त्रुटिपूर्ण परिचय पत्र निर्गत नहीं होने चाहिए। इसमें कोई लापरवाही भी न बरती जाए।