रायबरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के आह्वान पर प्रेरणा एप के खिलाफ अध्यापक लामबंद हो गए हैं। बछरावां में रविवार को आने वाले तीनों विकास खंडों के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत को संबोधित 12 सूत्री ज्ञापन उनके प्रतिनिधि किशन कुमार को सौंपा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष एवं बछरावां ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष शुक्ल, महराजगंज ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार अवस्थी, शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष गयेंदु सिंह ने कहा कि शिक्षकों को पहले सभी गैरशैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाए। शिक्षक अपने दायित्वों से भाग नहीं रहे हैं, बल्कि शिक्षकों को अन्य कार्यों में लगाकर शैक्षिक कार्य से उन्हें खुद दूर किया जा रहा है।
इस अवसर पर सुरेंद्र शर्मा, मोहित वर्मा, इरशाद सिद्दीकी, शशिकांत, मो. नसीम आदि उपस्थित रहे। सरेनी में शिक्षकों ने क्षेत्रीय विधायक को संबोधित ज्ञापन भाजपा कार्यालय प्रभारी को सौंपा। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश द्विवेदी, महामंत्री भारत लाल की अगुवाई में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा की सेल्फी लेकर उपस्थिति दर्ज कराने से महिला शिक्षकों के फोटो का दुरुपयोग हो सकता है। इस मौके पर महेंद्र द्विवेदी, राकेश द्विवेदी, ऋषिकांत मिश्रा, शंभुचरण यादव आदि मौजूद रहे।