रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को नानी के घर गया एक मासूम लापता हो गया। परिवारीजन आपस में बातचीत कर रहे थे और बच्चा खेलते-खेलते घर के बाहर आ गया। इसी बीच वह लापता हुआ। जानकारी मिलने पर सीओ सदर और कोतवाल ने पहुंचकर जांच की। बच्चे का अब तक कोई पता नहीं लग सका है। परिवारीजन बच्चा चोरी करने की आशंका जता रहे हैं।
शहर के गोरा बाजार निवासी अंसार उर्फ शीबू बाबर्ची का कार्य करता है। उसकी ससुराल नया पुरवा मेें है। रविवार को उसके दो वर्षीय बेटे मुर्तजा अपनी नानी के घर नया पुरवा गया था। मुर्तजा का दादा कदीरे खान बच्चे को उसके नाना के घर लेकर पहुंचा था। बताते हैं कि परिवारीजन घर में आपस में बात करते थे। बच्चा खेलते हुए घर के बाहर आ गया। कुछ देर बाद बच्चा वहां से लापता हो गया। बच्चा न मिलने से हड़कंप मच गया।
सीओ सदर गोपीनाथ सोनी और कोतवाल अतुल सिंह मौके पर पहुंचकर परिवारीजनों से बात की। मोहल्ले के घरों की तलाशी कराई गई। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं लग सका। पिता शीबू समेत अन्य परिवारीजनों का कहना है कि उनका बेटा गायब होने से आशंका है कि उसके बेटे मुर्तजा को किसी ने चोरी तो नहीं कर लिया। सीओ का कहना है कि बच्चा लापता हुआ है। खोजबीन के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले में गुमशुदगी दर्ज कराई जा रही है।