शहर के रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन के आने का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। स्कूल-कॉलेजों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में ज्यादातर बच्चे परिवार के साथ कहीं न कहीं घूमने जाना चाहते हैं। इसीलिए ट्रेनों में भीड़ बढ़ने शुरू हो चुकी है। छुट्टियों के दौरान आवागमन में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पहले से योजना बनाए लोगों ने ट्रेनों में सीटें आरक्षित कर ली थीं।
इस कारण नियमित ट्रेनों में पहले से ही सीटें फुल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली है। हालांकि सीटों के लिए स्पेशल ट्रेनों में भी मारामारी है। भीड़ बढ़ी है तो सुरक्षा के निर्देश भी दिए गए हैं। इसीलिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए पंजाब, मुंबई, दिल्ली समेत कई राज्यों की नियमित ट्रेनों में सीटें डेढ़-दो महीने पहले ही फुल हो गई थीं। इन ट्रेनों में यात्रियों को वेटिंग टिकट लेने पड़ रहे थे। वाराणसी, दिल्ली, चंडीगढ़, भटिंडा, पटना, फिरोजपुर रूट पर स्पेशल ट्रेनें चला दी गई हैं, जिससे थोड़ी राहत भी मिली है। नियमित ट्रेनों में सीट न मिल पाने से परेशान यात्री स्पेशल ट्रेनों में सीटों की तलाश कर रहे हैं।
जिन स्पेशल ट्रेनों में अभी तक यात्रियों की संख्या कम नजर आ रही थीं, उनमें भी यात्रियों की भीड़ नजर आने लगी है। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ल का कहना है कि यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। आवागमन में कोई असुविधा न हो, इसलिए स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह का कहना है कि ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है, इसलिए सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।