रायबरेली। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जिले के दो खिलाड़ियों ने नाम रोशन किया है। इसमें एक ने कांस्य पदक तो दूसरे खिलाड़ी को ब्लैक बेल्ट देकर सम्मानित किया गया।
खुमान लंपक स्टेडियम इंफाल (मणिपुर) में 27 से 30 मार्च तक 26वीं राष्ट्रीय थांगता चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में अंकुर मौर्य ने कांस्य पदक अर्जित कर उत्तर प्रदेश को पहला मेडल दिलाया।
विश्व थांगता फेडरेशन के टेक्निकल चेयरमैन ग्रैंड मास्टर प्रेम कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश थांगता एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव विवेक कुमार मौर्य को थांगता मास्टर की उपाधि देते हुए ब्लैक बेल्ट प्रदान की।
अंकुर मौर्य सलोन क्षेत्र के मटका का निवासी है और निमिषा कान्वेंट स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। खिलाड़ियों के घर बधाई देने वालों का तांता लगा है। मृत्युंजय बहादुर, अशोक चौरसिया, रामकुमार कौशल, सूरज मौर्य, ज्ञानचंद मौर्य, मदन साहू, विजय कौशल, आशू मौर्य, कुलदीप पासी व सतीश मिश्र आदि ने खुशी जताई है।