खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को साइकिल सवार को बचाने में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे कार सवार पूर्व विधायक की समधन समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी तेज थी कि कि कार के परखचे उड़ गए।
फतेहपुर जिले के आबू नगर मोहल्ले की निवासी जिया खुर्शीद (70) फतेहपुर के पूर्व विधायक सैयद आबिद हसन की समधन है। जिया इलाज कराने लखनऊ जा रही थीं।
उनके साथ बेटा कामरान उर्फ चश्मी (32) और आसिफ (45) के अलावा रिश्तेदार अरशद (32) निवासी मसवानी भी थे। बछरावां-लालगंज पर बरवलिया गांव के अचानक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
इससे कार चालक अरशद, कामरान व जिया खुर्शीद की मौके पर मौत हो गई। आसिफ भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी लालगंज महिपाल पाठक समेत अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि घायल को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया गया है।