रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को पटना से फिरोजपुर कैंट जाने वाली स्पेशल ट्रेन साढ़े छह घंटे और कटरा से वाराणसी जाने वाली स्पेशल ट्रेन तीन घंटे विलंब से पहुंची। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ने भी तीन घंटे इंतजार कराया।
चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस दो घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा घंटे, जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे, शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई।
रविवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर साढ़े पांच घंटे, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस व कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा घंटे और बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से पहुंची।
रास्ता साफ न होने से एक घंटे खड़ी रही ट्रेन
रायबरेली। बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल सोमवार को शहर के रेलवे स्टेशन से करीब दो किमी पहले एक घंटे तक खड़ी रही। रास्ता साफ न होने का कारण ट्रेन को रोका गया। फुरसतगंज स्टेशन तक जनता मेल एक घंटे लेट थी। रायबरेली पहुंची तो सवा दो घंटे लेट हो गई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि रायबरेली-रूपामऊ स्टेशनों के बीच मलिकमऊ के निकट अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल से एक व्यक्ति के कट जाने के कारण उसका शव काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। ट्रैक क्लियर होने में समय लगा, जिससे जनता मेल रोकी गई।
श्रद्धालुओं को लेकर दौड़ी भारत गौरव ट्रेन
रायबरेली। उज्जैन समेत कई जगह दर्शन कराने के लिए श्रद्धालुओं को लेकर दौड़ी भारत गौरव ट्रेन सोमवार को देर शाम रायबरेली जिले से होकर गुजरी। यह ट्रेन गोरखपुर से चली और अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज होते हुए रायबरेली पहुंची। लखनऊ, कानपुर, उरई, झांसी होते हुए नासिक जाएगी। श्रद्धालुओं को दर्शन कराकर इसी रास्ते गोरखपुर लौटेगी। यातायात निरीक्षक का कहना है कि आईआरसीटीसी की ओर से यह ट्रेन चलाई गई है।