रायबरेली। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में दीपोत्सव मेले का बृहस्पतिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। शाम को एमएलसी दिनेश सिंह, डीएम वैभव श्रीवास्तव व एसपी श्लोक कुमार ने मेले का शुभारंभ किया। एलएमसी ने कहा, दीवाली मेले का मकसद समाज में एकता व भाईचारे के साथ सामाजिक सद्भाव मजबूत करना है।
डीएम ने कहा, मेले में पथ विक्रेताओं को स्टॉल लगाकर अपनी आय बढ़ाने का मौका दिया गया है। मेले में आने वाले लोगों को शासन से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
आवास, पेंशन, कृषि यंत्र अनुदान, पशुपालन, उद्यान, चिकित्सा, एनआरएलएम, पुष्टाहार, सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किया। मेले में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेले में भारी संख्या में जन सामान्य ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर एडीएम (प्रशासन) अमित कुमार, डीडीओ एसएन चौरसिया, पीओ डूडा मुनेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष के पति मुकेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। मेला तीन नवंबर तक चलेगा।
200 दुकानदारों को कर्ज व बेरोजगारों को देंगे रोजगार
डूडा के परियोजना अधिकारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम दिवाली मेले का शुभारंभ हो गया। डूडा की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ शहरी गरीबों को छह दिन के अंदर दिया जाएगा। इसमें 200 पथ विक्रेताओं को रोजगार स्थापित करने के लिए 10-10 हजार रुपये का कर्ज दिया जाएगा। इसके अलावा स्वरोजगार के लिए अलग से पात्रों के ऋण स्वीकृत किए जाएंगे। बेरोजगार युवकों को रोजगार भी दिलाया जाएगा। शुक्रवार से यह काम शुरू होगा।