रायबरेली। जिले में आपराधिक कृत्यों में लिप्त छह शातिरों को जिलाबदर का आदेश दिया गया है। एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने मुकदमों की सुनवाई करते हुए शातिरों को छह-छह माह के लिए जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया।
उन्होंने शहर के चार और सरेनी व शिवगढ़ के एक-एक अपराधी को सजा सुनाई है। जिले की सीमा के अंदर मिलने पर गिरफ्तार कर जेल भेजने के आदेश दिए हैं। 20 शातिर अपराधियों को संबंधित थानों में हाजिरी लगाने के आदेश भी दिए गए हैं।
मुकदमों की सुनवाई करते हुए एडीएम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के राना नगर निवासी दीपेश सिंह उर्फ गांधी, न्यू राना नगर निवासी रक्षेंद्र सिंह उर्फ शरद सिंह, पुलिस लाइन चौराहा रायबरेली व हालपता- यूनिटी चौराहा आदिल नगर गुडंबा लखनऊ निवासी अनिल दुबे, शहर के गल्ला मंडी निवासी सचिन सोनकर को छह-छह माह के लिए जिलाबदर कर दिया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बख्तावर मजरे भवानीगढ़ निवासी ओम प्रकाश और सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे मुन्नू मजरे रामपुर कला निवासी संजय सिंह को छह-छह माह के लिए जिलाबदर किया गया है। एडीएम ने 20 शातिरों को संबंधित थानों में हाजिरी लगाने के आदेश दिए हैं। एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि मुकदमों में छह शातिरों को छह-छह माह के लिए जिलाबदर करने के साथ ही 20 शातिरों को थानों में हाजिरी लगाने के आदेश दिए गए हैं।