फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कस्तूरबा स्कूलों में जल्द दूर होगी शिक्षिकाओं की कमी

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। नए साल में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षिकाओं की कमी दूर हो जाएगी। करीब 10 महीने बाद चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए काउंसिलिंग व साक्षात्कार की तिथि 29 एवं 30 दिसंबर तय कर दी गई है। शिक्षिकाओं और लेखाकार के लिए डायट में काउंसिलिंग होगी जबकि सहायक रसोइया, चौकीदार और चपरासी के लिए बीएसए दफ्तर में साक्षात्कार कराया जाएगा। जिले के 16 कस्तूरबा विद्यालयों में 68 रिक्त पदों के लिए 650 आवेदन पत्र आए थे।
विज्ञापन

जिले में 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इनमें लगभग 1750 बालिकाएं पढ़ती हैं। प्रत्येक विद्यालय में निर्धारित विषयों के अनुरूप पूर्णकालिक शिक्षिकाओं के पांच और अंशकालिक शिक्षिकाओं के तीन पद सृजित हैं। एक लेखाकार, एक मुख्य रसोइया, दो सहायक रसोइया, एक चौकीदार, एक चपरासी भी होना चाहिए।
इसके बावजूद करीब एक साल से 50 शिक्षिकाओं समेत 68 पद रिक्त हैं। पूर्णकालिक शिक्षिकाओं के 34 रिक्त पदों में अंग्रेजी के छह, सामाजिक विषय के दो, गणित के 14, विज्ञान विषय के 12 पद शामिल हैं। अंशकालिक शिक्षिकाओं के 16 पद रिक्त हैं। लेखाकार के पांच, सहायक रसोइया के सात, चौकीदार के चार, चपरासी के दो पद भी खाली हैं।
विज्ञापन

रिक्त पदों के लिए मार्च में आवेदन पत्र मांगे गए थे जिस पर 650 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जांच के दौरान 191 आवेदन पत्रों को निरस्त कर दिया गया। बाकी 459 आवेदन सही पाए गए जिनमें से 447 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग एवं साक्षात्कार में भाग लेने के लिए बुलाया गया है।
अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विषय व विज्ञान की पूर्णकालिक शिक्षिका पद की काउंसिलिंग 29 दिसंबर को, गृह विज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा की अंशकालिक शिक्षिका तथा लेखाकार के पदों की काउंसिलिंग 30 दिसंबर को सुबह 11 से सायं चार बजे तक डायट में होगी। सहायक रसोइया, चौकीदार व चपरासी के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार बीएसए दफ्तर में 30 दिसंबर को दोपहर 12.30 से सायं तीन बजे तक कराया जाएगा।
कंप्यूटर की अंशकालिक शिक्षिका के पद पर फिलहाल अभी चयन संभव नहीं है। कस्तूरबा विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षिका के छह पद रिक्त हैं जिसके सापेक्ष पर्याप्त आवेदन पत्र नहीं आए हैं। जिला समन्वयक विनय तिवारी ने बताया कि छह पदों के लिए महज 12 आवेदन ही आए थे। इसीलिए फिर से विज्ञापन जारी किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने पहले से आवेदन कर रखा है, उन्हें पुन: आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षिकाओं एवं लेखाकार के रिक्त पदों के लिए काउंसिलिंग 29 एवं 30 दिसंबर को डायट में होगी जबकि सहायक रसोइया, चौकीदार व चपरासी के लिए बीएसए दफ्तर में साक्षात्कार होगा। काउंसिलिंग व साक्षात्कार में अनुपस्थित अभ्यर्थियों को अलग से कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें