रायबरेली। शहर के 24 वार्डों और जोन तीन में जल्द सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए सर्वे का काम शुरू करा दिया गया है। ऐसा होने से नागरिकों को सीवर की समस्या से राहत मिलेगी। वर्तमान समय में चार वार्डों में सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है।
नगर पालिका परिषद रायबरेली के 34 वार्डों में रहने वाली ढाई लाख आबादी को सीवर की समस्या से राहत दिलाने के लिए अमृत योजना शुरू की गई है। योजना का कार्य जलनिगम की ओर से कराया जा रहा है। सीवर लाइन बिछाने के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है।
मौजूदा समय में जोन तीन के चार वार्डों में सीवर लाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है। इसमें चार मोहल्ले ही आते हैं। जोन एक सबसे छोटा है। इसमें छह वार्ड हैं। वहां पर सीवर लाइन बिछाने का सिर्फ अभी प्रस्ताव बना है।
इस जोन में एक पुराना शहर जैसे गल्ला मंडी, खालीसहाट, कहारों का अड्डा, किला बाजार आते हैं। जोन दो में 15 वार्ड और जोन चार में 9 वार्ड हैं। इस तरह दोनों जोन के अंतर्गत 24 वार्ड आते हैं। इन वार्डों में सीवर लाइन बिछाने के लिए 147 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। शासन से 26 करोड़ रुपये रिलीज भी कर दिए गए हैं। जलनिगम के जेई पवन त्रिवेदी की अगुवाई में 24 वार्डों में सीवर लाइन बिछाने से पहले सर्वे काम शुरू करा दिया गया है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू होगा।
जलनिगम के जेई पवन त्रिवेदी कहते हैं कि वार्डों में सर्वे करके देखा जा रहा है कि कौन-कौन मोहल्ले गहराई में बसे हैं और कौन-कौन मोहल्ले ऊंचाई पर बसे हैं। इन मोहल्लों का सीवर कहां पर गिराया है। यह सर्वे होने के बाद डिजाइन तैयार कराया जाएगा।
इसके बाद सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा। उनका कहना है कि जोन एक सबसे छोटा है, जिसमें कुछ छह वार्ड ही आते हैं। वर्तमान में चार वार्डों में काम चल रहा है।
अफसरों के मुताबिक शहर के प्रमुख चौराहा जिला अस्पताल, डिग्री कॉलेज, पुलिस लाइंस, बस स्टेशन, सुपर मार्केट, कैपरगंज समेत अन्य स्थानों पर सीवर लाइन बिछाई जाएगी।
इस दौरान सीवर लाइन बिछाने की वजह से इन स्थानों पर आवागमन को रोकने पर भी मंथन किया जा रहा है। यहां पर सीवर लाइन बिछाने के कार्य के दौरान लोगों को कुछ दिन परेशानी का सामना भी करना पड़ेगा।
अमृत योजना के तहत जोन दो और जोन चार के 24 वार्डों में भी सीवर लाइन बिछाने के लिए 147 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी करा दी गई है। सर्वे का काम कराया जा रहा है। 26 करोड़ रुपये रिलीज भी कर दिए गए हैं।- सनी सिंह, एक्सईएन, जलनिगम