रायबरेली। लॉकडाउन के दौरान फिजूलखर्च से लोगों को राहत मिली है। लोगों के जीवन में सादगी भरे आचरण का दौर दिखाई पड़ रहा। हरदोई गांव के रहने वाला एक युवक बगैर किसी तामझाम, गाजा-बाजा और बारातियों की फौज के महज चार लोगों को लेकर बारात लेकर दुल्हन लेने पहुंच गया।
15 मिनट के भीतर मंत्रोच्चार के बाद जयमाल का कार्यक्रम और उसके बाद अग्नि के सात फेरे लगाकर शादी कर ली। महज आधे घंटे में शादी की सभी रस्में पूरी कर ली गई और दुल्हा दुल्हनियां लेकर घर चला गया। इस दौरान वर-वधू चेहरे पर मास्क बांधे रहे।
गांव में पैदल गुजरते वक्त बड़े बुजुर्गों का दूर से आशीर्वाद लिया। महराजगंज तहसील क्षेत्र के हरदोई गांव निवासी मैूकुलाल रैदास के बेेटे रामशेखर (21) की शादी शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव की रहने वाली रोशनी (19) के साथ तय हुई थी। इसके बाद लॉकडाउन लागू हो गया।
चिंता इस बात की थी कि शादी कैसे होगी। यह बात राम शेखर ने हरदोई के ग्राम प्रधान आलोक चौधरी से बताई। इस पर आलोक ने कहा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बारातियों को न ले जाकर सादे ढंग से वधू को माला पहनाकर विदा करा ले आओ।
राम शेखर के साथ प्रधान आलोक चौधरी, फरहत अली और सुजीत कुमार अलग-अलग वाहन से भवानीगढ़ पहुंच गए। रोशनी के परिवार के एक मुखिया ने मंत्रोचार करके दोनों को एक-दूसरे को माला पहनाने को कहा।
इसके बाद अग्नि के सामने सात फेरे लगाए। इस दौरान वर और वधू चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। सात फेरे लगाने के पश्चात वर और वधू हरदोई आ गए। यह सूचना गांव वालों को मिली तो गांव वालों में अपने दरवाजे खड़े होकर वर वधू का स्वागत किया।