मिल एरिया थाना क्षेत्र में हाईवे पर हादमे में बुजुर्ग की मौत के बाद लगी भीड़।
अमावां। मिल एरिया क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर रतापुर चौराहे के पास बुधवार शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार निजी कंपनी में कार्यरत सुरक्षा गार्ड को कुचल दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया । हादसे के बाद डंपर चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। दुर्घटना के कारण रतापुर चौराहे पर आधा घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
देवानंदपुर में रहने वाले सूर्यबली (50) पुत्र जनार्दन एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। बुधवार की शाम वह अपने पोते रितिक (14) को जूते खरीदवाने के लिए बाइक से गए थे। शाम करीब सात बजे सूर्यबली लखनऊ प्रयागराज हाईवे पर रतापुर के पास बाइक से लौट रहे थे तभी चौराहे के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर की बाइक से टक्कर हो गई। डंपर का पहिया सूर्यबली के सिर के ऊपर से गुजर जाने से उनकी मौत हो गई। जबकि रितिक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
चौराहे पर दुर्घटना देखकर मौजूद पुलिस ने भाग रहे चालक को डंपर समेत पकड़ लिया । पुलिस ने घायल किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया । जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने सूर्यबली के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया दुर्घटना में शामिल चालक को डंपर समेत पकड़ लिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।