सलोन (रायबरेली)। नगर पंचायत सलोन में बनाई गई अस्थाई गौशाला में लापरवाही मिलने पर एसडीएम आशीष कुमार सिंह ने शनिवार को कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान गोपालक के नदारद मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई।
सलोन नगर पंचायत के मिनी स्टेडियम में अस्थाई गौशाला नगर पंचायत की तरफ से बनाया गया है। शासन के दिशा-निर्देश के मुताबिक गोवंशों की बेहतर देखभाल के साथ उनके खाने की व्यवस्था होनी चाहिए। शुक्रवार को एक गोवंश की मौत का वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को एसडीएम आशीष सिंह निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान दोनों गोपालक नदारद मिले जबकि गोवंशो के स्थान पर बजबजा रहा कीचड़ मिला। कार्यभार देख रहे नगर पंचायत के कर्मी राजेंद्र सोनकर को एसडीएम सलोन ने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदारी मिली है तो उसका निर्वहन करें। यह अंतिम चेतावनी है। अगली बार कार्रवाई होगी।