परशदेपुर। स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बुधवार दोपहर किशोर की मौत हो गई। हादसे में युवक घायल हो गया। परशदेपुुर चौकी क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी युवराज सिंह (17) पुत्र संजय सिंह दोपहर एक बजे स्कूटी से परशदेपुर जा रहे थे। महानंदपुुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी व बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में स्कूटी सवार युवराज की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे गजाधर गांव निवासी गोलू (21) घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक और स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पिता संजय के मुताबिक वह खेती करते हैं। बेटा युवराज कक्षा 11 का छात्र था। साथ ही घर का इकलौता था। इकलौते बेटे की मौत से मां बबिता सिंह रोते-रोते बेहोश हो गईं। पानी का छींटा मारा गया तो उन्हें होश आया, लेकिन वह फिर रोने लगी। बहनें अनुकृति, स्वीटी के भी आंसू नहीं थम रहे हैं। डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।