रायबरेली। जिले में शुक्रवार को 30 लोग कोरोना संक्रमित मिले, जबकि पहले से संक्रमित 23 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विकास भवन के 35 कर्मचारियों समेत 2498 लोगों की कोरोना की जांच की। इसमें 719 लोगों का सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शुक्रवार को 30 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही 23 लोग स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 4628 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें से 4226 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है।
शुक्रवार को गोराबाजार, जिला सहकारी बैंक, साकेत नगर, सिधौना, पूरे दौलतखेड़ा, आनंद नगर, आईटीआई कॉलोनी, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, पीएसी कॉलोनी, गदागंज, मंशादेवी मंदिर, घंटाघर, धमसीराय का पुरवा आदि क्षेत्रों में संक्रमित मरीज मिले।
सभी को रेलकोच कारखाना लालगंज के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों में टीमों ने पहुंचकर कोरोना की जांच की। विकास भवन में करीब 35 कर्मचारियों समेत 719 लोगों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे गए हैं। इसके अलावा जिले के अन्य ब्लॉकों में भी अभियान चलाकर जांच की गई।